मोहन नगर स्थित गुलमोहर ग्रीन सोसायटी में 10वीं कक्षा के छात्र ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। शुरुआती जांच में पुलिस पढ़ाई की टेंशन को आत्महत्या का कारण मान रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार परिजनों ने पेपर खराब होने पर छात्र को डांट दिया था।
दिल्ली में रीयल स्टेट कारोबारी सावन सिंह का बेटा गुरसिमरन(17) दसवीं कक्षा का छात्र था। सावन के अनुसार बीते बृहस्पतिवार को गुरसिमरन का एग्जाम था। वह एग्जाम देकर लौटा तो कुछ परेशान था।
पूछने पर उसने एग्जाम अच्छा नहीं होने की बात कही थी। उन्होंने उसे डांट दिया। इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर पढ़ने लगा। करीब एक घंटे बाद जब वह उसके कमरे में जाने लगे तो गेट बंद था। काफी खटखटाने पर जब गेट नहीं खुला तब वे गेट तोड़कर अंदर पहुंचे तो उसका शव पंखे से लटक रहा था।
उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। एसएचओ साहिबाबाद उपेंद्र यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पढ़ाई की टेंशन में आकर सुसाइड करने का लग रहा है। हालांकि सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं है। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
बेटे के जाने से सदमे में परिजन
बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं। पिता सावन ने बताया कि उन्हें अब लग रहा है कि उन्होंने क्यों उसे डांट दिया। उधर, बेटे को खोकर मां का भी बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार गुरसिमरन उनका इकलौता बेटा था।
किशोरी की आत्महत्या
खोड़ा के सरस्वती विहार में शनिवार को एक किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। सरस्वती विहार निवासी रविंद्र प्रसाद एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि बेटी साक्षी(16) गुरुवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। शुक्रवार सुबह वे साक्षी के कमरे में गए तो देखा कि उसका शव पंखे से लटक रहा है। इससे घर में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। जांच की जा रही है।
सुसाइड के पुराने मामले
11 मार्च 2013- न्यायखंड-3 में 10वीं कक्षा की छात्रा खुशबू मिश्रा ने परीक्षा के तनाव के चलते फांसी लगाकर सुसाइड किया
06 जनवरी 2013- वसुंधरा सेक्टर-3 में एमए स्टूडेंट दीक्षा सिंह ने परीक्षा में विफल होने पर जान दी
24 जून 2012- अर्थला की संजय कॉलोनी में रहने वाले जीवन सिंह के बेटे मयंक ने इंजीनियरिंग में दाखिला न होने पर सुसाइड किया