बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को संजयनगर में लोगों ने दौड़ा लिया। वह मीटर बदले जाने का विरोध कर रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अफसरों ने लोगों को समझाकर दोबारा से काम शुरू कराया।
पावर कारपोरेशन का बिजली चोरी पकड़ने को अभियान चल रहा है। इसमें एक टीम बुधवार सुबह नौ बजे संजयनगर पहुंची। टीम ने विद्युत लोड चेक करने के साथ ही चाइनीज मीटरों को बदलना शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं ने मीटरों के सही चलने की बात कहते हुए इनके बदलने का विरोध किया।
इसको लेकर उपभोक्ताओं की पहले टीम के सदस्यों से नोकझोंक हुई और फिर उन्होंने टीम को दौड़ा लिया। घरों में न घुसने देने की धमकी मिलने और विरोध की सूचना टीम ने अधिकारियों को दी।
सूचना पाकर जेई शैलेश यादव, अनुज अग्रवाल, एसडीओ एसके सक्सेना, एक्सईएन एसके राजवंशी, एसई एसबी यादव और चीफ इंजीनियर राशिद अबरार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर दोबारा से अभियान शुरू कराया। इसके बाद उतारे गए मीटरों पर सील लगाकर उपभोक्ताओं के भी हस्ताक्षर कराए गए।
अब इन मीटरों को बुधवार को उपभोक्ताओं के सामने खोलकर चेक किया जाएगा। सभी चाइनीज मीटरों को बदलने का निर्णय लिया गया है। दोपहर में थ्री फेज के मीटर खत्म हो जाने के चलते थोड़ी देर के लिए काम रुका रहा। शाम को मीटर आ जाने पर फिर काम शुरू कर दिया गया।
एसई एसबी यादव ने बताया कि 294 कनेक्शन चेक किए गए, 33 नए कनेक्शन जारी किए गए, 39 जगह लोड बढ़ाया गया और 50 लोगों के मीटर बदले गए। दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। विजयनगर में टीमों ने सौ घरों के कनेक्शन चेक करने के साथ ही उनसे बकाया बिल भी वसूला।