बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के कारण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था चौपट हो गई है। क्षेत्र के 14 कृषि फीडरों की बिजली पूरी तरह ठप है। शहरी फीडर भी प्रभावित है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट छा गया है।
बिजली आपूर्ति की व्यवस्था गड़बड़ाने का कारण बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से जोड़कर देखा जा रहा है।बिजली नहीं मिलने से पानी की समस्या भी बनी हुई है। बिजली की समस्या से परेशान निजामपुर के नाराज ग्रामीणों ने गुरूवार को तावडू-भिवाड़ी सड़क को अवरूद्व कर दिया। एचएचओ जयप्रकाश ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों को समझाकर करीबन आधे घंटे बाद जाम को खुलवा दिया।
जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे वाहन चालकों के साथ साथ राहगीरों को परेशानी से जूझना पड़ा। निजामपुर के ग्रामीणों ने बताया की बिजली की खराबी के कारण ग्रामीण पेयजल को तरस रहे है। बुधवार से बिजली व्यवस्था ठप है। पशुओं को भी समय पर पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
भीषण गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। रोजे की हालत में महिलाएं पानी के लिए भटक रहीं है। रमजान के महीनें में प्रयाप्त बिजली पानी नहीं मिल रहा है। इससे परेशान होकर ग्रामीणों को जाम लगाने के लिए विवश होना पड़ा है। बता दे की बिजली कर्मचारी गत बुधवार से दो दिन की हड़ताल पर है।
जिसके कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था गड़बडा गई है। क्षेत्र के कई कृषि फीडर हड़ताल के पहले दिन से ही खराब है, जो चल रहे थे, वह भी बीति रात्रि व गुरूवार की सुबह खराब हो गए। इस समय क्षेत्र के 14 कृषि फीडरों के साथ साथ शहरी फीडर की बिजली प्रभावित है। इसके कारण क्षेत्र में बिजली की विकट स्थिति पैदा हो गई।
बिजली नहीं आने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। कस्बे के बावला रोड़ पटेल नगर निवासी हामिद , मुबीन, रूकमुदीन, केशव हाजी जियान मौ0 आदि ने बताया की उनके वार्ड नंबर आठ में बुधवार 10 बजे से बिजली नहीं है। जिसके कारण वार्डवासियों को भारी परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया की कस्बे के कुछ हिस्सों की बिजली बुधवार से ही बाधित थी है। गुरूवार 12 बजे के बाद पूरे शहर की बिजली बाधित चल रहीं है। बिजली गड़बड़ाने से शहर में हा हा कार मचा हुआ है।