द्वारका नॉर्थ इलाके में बृहस्पतिवार सुबह सेक्टर पांच स्थित पार्र्क में एक महिला का अधजला शव और इसी क्षेत्र के सेक्टर 11 में एक युवक का कंकाल पेड़ से लटका मिला।
महिला के चेहरे को जलाने का प्रयास किया गया है। उसकी पहचान नहीं हो पाई। वहीं, युवक तीन माह से घर से गायब था। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक दूध विक्रेता ने सेक्टर-5 के केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित पार्क में पेड़ के नीचे एक महिला का शव देखा। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पहचान मिटाने के लिए बुरी तरह से जलाई गई लाश
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र 22 साल है। हत्या करने वालों ने पहचान मिटाने के लिए उसके चेहरे, बाल और छाती पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया है।
उसकी कहीं अन्य जगह पर गला घोंटकर हत्या की गई और पार्क में लाकर शव को जलाने का प्रयास किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि द्वारका सेक्टर 11 स्थित एक पेड़ पर कंकाल के लटके होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में कर लिया। सिर का हिस्सा रस्सी में फंसा था, जबकि धड़ नीचे गिरा हुआ था। पुलिस को मौके से एक युवक का आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान राजापुरी निवासी रजनीश (25) के रूप में की गई।
युवक कपड़े प्रेस करने का काम करता था
रजनीश अंजूमन अपार्टमेंट के पास कपड़े प्रेस करने का काम करता था। गत वर्ष 22 अक्तूबर को वह घर से गायब हो गया था। उसके परिवार वालों ने द्वारका नॉर्थ थाने में इसकी शिकायत की थी।
हालांकि रजनीश के गायब होने वाले दिन उसके मोबाइल से परिवार वालों को एक मैसेज मिला था, जिसमें उसने जान देने और कभी वापस नहीं आने की बात कही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह साबित हो पाएगा कि यह कंकाल रजनीश का है या किसी अन्य शख्स का।