-स्थानीय लोगों ने शराब और चिकन की दुकान को हादसे की बताई वजह, बंद कराने की मांग
-मर्सिडीज कार में बियर की बोतल भी मिली, नरेला के ग्रीन वैली अपार्टमेंट में रहता है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मर्सिडीज कार और वैगनआर कार में भिड़ंत के बाद बहुत तेज आवाज आई थी। यह बात स्थानीय निवासी राजवीर सिंह ने बताई और कहा कि हादसे के समय वह पार्क में घूम रहे थे। जब मौके पर दौड़कर पहुंचकर देखा तो उर्मिला (70 साल) भी चपेट में आ गई थीं। राजवीर ने बताया कि मर्सिडीज की रफ्तार 80 से 100 के आसपास रही होगी। वह कहते हैं कि बच्चों की स्कूल की छुट्टी होने की वजह से बड़ा हादसा नहीं हुआ, नहीं तो मंजर और कुछ होता। राजवीर ने आरोप लगाया कि हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर स्थित शराब और चिकन की दुकान इसका कारण हैं। शाम को लोग नशे में अपनी गाड़ी निकालते हैं। मर्सिडीज कार में बियर की बोतल भी मिली है। आरोपी चालक भी नशे में था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए, क्योंकि उसकी कार में आगे और पीछे का नंबर अलग मिले हैं।
आरोपी शुभम ने दोस्त से खरीदी है मर्सिडीज : शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय मर्सिडीज शुभम चला रहा था। वह नरेला के ग्रीन वैली अपार्टमेंट में रहता है। उसके पिता हरियाणा पुलिस ने सब इंस्पेक्टर हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार शुभम ने अपने दोस्त से खरीदी है, लेकिन अभी कागज में उसका नाम दर्ज नहीं हुआ है। शुभम पिछले साल एमए की पढ़ाई पूरा कर चुका है और फिलहाल बेरोजगार है। घटना के समय वह दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद घर लौट रहा था। वह मूलत: घोघा गांव नरेला का रहने वाला है।
वहीं मृत महिला उर्मिला के भतीजे सुनील कुमार ने बताया कि उनकी चाची हर दिन चीड़ियों को दाना और चींटियों को आटा डालने के लिए आती थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही वह उनको अस्पताल लेकर गए थे। ईसीजी करने के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने भी शराब और मीट की दुकानों को हादसे की वजह बताया है। साथ ही कहते हैं कि पहले भी इसे बंद करने की शिकायत की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासी संध्या ने बताया कि शनिवार सुबह 8.30 बजे के आसपास की घटना है। आरोपी चालक नशे में था और कार को 80 की स्पीड में चलाकर लाया और वाहन पर नियंत्रण नहीं कर पाया। संजय स्वामी ने बताया कि उर्मिला धार्मिक प्रवृत्ति की थी। वह पक्षी और चींटियों को खाना देने आती थीं। नशे की वजह से कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने शराब की दुकान और चिकन की दुकान बंद करने की मांग की।
घटना के बाद का वीडियो भी वायरल : घटना के बाद का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह सहमा हुआ अपने ड्राइविंग सीट पर बैठा हुआ है। लोगों ने कार में बोतल देखकर उससे पूछा कि उसने नशा कर रखा है तो आरोपी ने बोतल दिखाकर कहा कि यह बियर का बोतल है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस ने शुभम का मेडिकल कराया है। पुलिस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय मर्सिडीज की रफ्तार कितनी थी और किन परिस्थितियों में हादसा हुआ है।