अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में वकीलों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अधिवक्ताओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। दिल्ली के कानून व विधि विभाग मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को रॉउस एवेन्यू कोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद मजबूत भारत के निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका विषय पर चर्चा के दौरान यह बात कही। सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से लॉयर्स फॉर डेमोक्रेसी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। कपिल मिश्रा ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के निर्माण में वकीलों और कानूनविदों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में नशा मुक्त युवा अभियान का आह्वान किया है। दिल्ली समेत पूरे देश में नशे के खिलाफ अभियान चल रहा है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।