अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में तेजी से बढ़ती गर्मी को लेकर आम आदमी पार्टी ने गंभीर चिंता जताई है। दिल्ली के पूर्व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने चेतावनी दी है कि भारत समेत पूरी दुनिया पर खतरनाक लू का खतरा मंडरा रहा है और केंद्र सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए।
गोपाल राय ने कहा कि मौजूदा समय में जिस तरह तापमान लगातार बढ़ रहा है, वह आने वाले भीषण लू की शुरुआत है। उन्होंने मौसम वैज्ञानिकों के हवाले से बताया कि करीब 140 साल बाद प्रशांत महासागर के पानी का तापमान सामान्य से करीब 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक होने की संभावना है, जिससे ‘सुपर अल नीनो’ की स्थिति बन सकती है। इसका सीधा असर मानसून और तापमान के पैटर्न पर पड़ेगा, जिससे सूखा और अत्यधिक गर्मी जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं।
उन्होंने 1877 के ऐतिहासिक उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अल नीनो के प्रभाव से पूरी दुनिया में भीषण गर्मी और अकाल पड़ा था, जिसमें भारत सहित कई देशों में करोड़ों लोगों की जान चली गई थी। राय के अनुसार, 2026 में भी वैसी ही परिस्थितियां बनने की आशंका है, जिसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में तापमान पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है और इसका सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह संकट केवल पर्यावरणीय नहीं, बल्कि मानवीय चुनौती भी है। आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि लू और संभावित अकाल से निपटने के लिए अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू किया जाए।