सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अब 9वीं व 11वीं कक्षा की मासिक मूल्यांकन प्रक्रिया व रिजल्ट को हर माह ऑनलाइन करना होगा।
शिक्षा विभाग की इस कवायद को सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के स्तर में सुधार के तौर पर देखा जा रहा है। शिक्षा अधिकारी राम कुमार फलसवाल ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक ली। इसमें शिक्षा विभाग की ओर से जारी कई नई योजनाओं व आदेशों के बारे में प्रधानाचार्यों को बताया।
उन्होंने कहा कि अब 9वीं व ग्यारहवीं कक्षा के मासिक मूल्यांकन की प्रक्रिया व रिजल्ट को प्रत्येक माह ऑनलाइन करना होगा। इससे सभी स्कूलों की प्रोग्रेस रिपोर्ट को उच्च अधिकारी ऑनलाइन ही जांच सकेंगे।
इससे स्कूलों की रिपोर्ट पर नजर रखने में आसानी होगी। इसके अलावा सभी स्कूलों को अपने फंड की पूरी जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।
बैठक में प्रधानाचार्यों से स्कूल की व्यवस्था व अन्य जानकारियां भी ली गईं। इसमें प्रधानाचार्यों से कहा गया कि वे स्कूल के ऊपर से गुजरने वाले हाई टेंशन वायर के संबंध में भी विभाग को जानकारी मुहैया कराएं कि स्कूल के ऊपर से तार गुजर रहा है या नहीं।
बैठक में अधिकारी ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से कंप्यूटर लैब, लैब सहायक के वेतन, स्कूलों में आई आधार कार्ड मशीन व वहां बने कार्डों की संख्या आदि अन्य विषयों पर भी जानकारी मांगी।