अपराध की समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जमानत और सजा पूरी करके जेल छूटे अपराधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।
ऐसे अपराधियों का वेरिफिकेशन करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा है। इसके अलावा नए गिरोहों पर शिकंजा कसने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया।
एसएसपी कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किरण एस ने अपराध की समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
एसएसपी ने हर थाना क्षेत्र में एक महीनों के दौरान हुई आपराधिक घटनाओं की जानकारी ली। उन्होंने समीक्षा करते हुए कार्रवाई की जानकारी भी ली।
इसके अलावा जिन मामलों में कार्रवाई नहीं की गई इसके लिए संबंधित कोतवाली प्रभारी और अधिकारियों को फटकार लगाई। समय पर चेकिंग अभियान चलाने के लिए निर्देश दिया।
बैंक और वित्तीय संस्थाओं के पास पीसीआर गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के लिए कहा। एसएसपी ने बताया कि आमतौर पर देखा गया है कि जो बदमाश जेल से बाहर आते है वह फिर से अपराध करने में लग जाते हैं, इसलिए पुलिस को ऐसे अपराधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।