- शाहबाद डेयरी हत्याकांड में आरोपी 10 महीने से था फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अपराध शाखा ने अपने 9 साथियों के साथ मिलकर एक युवक की चाकू घोपकर बेरहमी से हत्या करने वाले शाहबाद डेयरी, दिल्ली निवासी आरोपी विकास कुमार उर्फ रंगा उर्फ नंगा (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी 10 महीने से फरार चल रहा था और अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा के अनुसार शाहबाद डेयरी, दिल्ली निवासी सन्नी (28) को उसके रिश्तेदारों ने बीएसए अस्पताल, रोहिणी, में 30 जून, 2024 को रात में भर्ती कराया था। उसके प्राइवेट पार्ट के पास और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चाकू के गहरे घाव थे। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को जांच में पता चला कि अजय उर्फ मोदी का सन्नी के साथ विवाद था। अजय उर्फ मोदी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसकी चाकू घोपकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी विकास को धर्म कांटा, मेन बवाना रोड, गांव शाहबाद दौलतपुर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी विकास कुमार ने खुलासा किया कि उसके एक साथी अजय उर्फ मोदी का मृतक सनी के साथ पुराना विवाद था। घटना के दिन, वह अपने साथियों अजय उर्फ मोदी, गुड्डू, दद्दू, चेतन, दीपक उर्फ दीपू, रोशन, प्रकाश, सागर और अन्य के साथ जा रहा था। झगड़े के दौरान आरोपी अजय उर्फ मोदी ने मृतक को पहले थप्पड़ मारे और फिर सभी आरोपियों ने मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया। सभी आरोपियों ने मृतक को पकड़ लिया और आरोपी अजय उर्फ मोदी ने चाकू निकालकर वार करना शुरू कर दिया।