-डॉ. एम सईद आलम के निर्देशन में हुआ मंचन, मशहूर अभिनेत्री मीना कुमारी के जीवन और उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया
नई दिल्ली। राजधानी में बुधवार को मंडी हाउस स्थित श्रीराम सेंटर सभागार में उर्दू अकादमी की ओर से आयोजित 36वें उर्दू ड्रामा फेस्टिवल में ‘महजबीन हूं, मीना हूं, नाज हूं’ नाटक का मंचन किया गया। सोशल प्राइड वेलफेयर सोसाइटी की ओर से प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों का मन मोह लिया।
नाटक का लेखन और निर्देशन डॉ. एम. सईद आलम ने किया। इसमें मशहूर अभिनेत्री मीना कुमारी के जीवन और उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। महजबीन बानो से मीना कुमारी और फिर शायरी की दुनिया में 'नाज' के नाम से अपनी पहचान बनाने तक के सफर को नाटक के माध्यम से दर्शाने का प्रयास किया गया।
'छू लेने दो न नाजुक होठों को', 'पिया ऐसो जिया में समाय गयो रे' और 'अजीब दास्तां है ये' जैसे बेहतरीन गानों पर महिला कलाकार की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। यह आयोजन उर्दू अकादमी की ओर से 13 से 18 नवंबर तक आयोजित 36वें उर्दू ड्रामा फेस्टिवल का हिस्सा था। संवाद