औद्योगिक नगरी में इस बार मलेरिया के मरीजों की संख्या 62 पहुंच चुकी है। हालांकि दिल्ली के नेशनल वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम (एनवीबीडीसीपी) की ओर से जिला मलेरिया विभाग को चिकनगुनिया ग्रस्त 12 और डेंगू के 10 मरीजों के नाम भेजे गए हैं।
विभाग इन मरीजों के नाम पते की पुष्टि करने में जुटा है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि मंगलवार 2 और बुधवार को 4 मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए।
अब तक कुल 62 मरीज आ चुके हैं। अभी तक डेंगू संदिग्धों की संख्या 100 पहुंच गई। एनवीबीडीसीपी की ओर से जिले के नाम पते वाले 10 डेंगू पीड़ित मरीजों की सूची भेजी है। उन्होंने बताया कि एनवीबीडीसीपी की ओर से भेजे गए मरीजों के नाम पतों की पुष्टि नहीं होने की वजह से विभाग इन्हें संदिग्ध मान रहा है।
शहर में डेंगू के 11 मामले कन्फर्म हो चुके हैं। एनवीबीडीसीपी की ओर से चिकनगुनिया पीड़ितों की सूची भेजी हैं नाम पतों की पुष्टि होने तक इन्हें भी संदिग्ध माना जा रहा है।
इनमें से सिर्फ एक ही मरीज की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि एनवीबीडीसीपी की ओर से भेजी गई सूची की पुष्टि के लिए टीम गठित कर पतों की जांच कराई जा रही है।
चिकनगुनिया और वायरल बुखार के लक्षण एक जैसे जोड़ों में असहनीय दर्द और तेज बुखार सिर्फ चिकनगुनिया के ही लक्षण नहीं हैं। वायरल बुखार के पीड़ितों में भी यही लक्षण पाए जा रहे हैं।
बीके सिविल अस्पताल के आरएमओ डॉ. नवीन गर्ग के मुताबिक वर्तमान समय में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसे मच्छर से फैलने वाले बुखार के अलावा वायरस संक्रमण से भी बुखार फैल रहा है।
हालांकि दोनों बुखार के लक्षण काफी मिलते जुलते हुए हैं। उनका मानना है कि वेक्टर बोर्न डिजीज या संक्रामक बुखार दोनों की पहचान जांच के बाद ही हो सकती है।