पुलप्रह्लादपुर इलाके में दो वर्षीय बेटे को सीढ़ियों पर फेंकने वाली मां को शनिवार शाम तक गिरफ्तार नहीं किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार शाम मेडिकल जांच के बाद मनोचिकित्सकों से महिला की जांच कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी मां सोनू गुप्ता को पुलप्रह्लादपुर में ही रहने वाले उसके माता-पिता को सौंप दिया है। जबकि बच्चे को उसके मामा को सौंपा गया है। सोनू गुप्ता के खिलाफ जिन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, उनमें तीन वर्ष की सजा है। ऐसे में पुलिस का कहना है कि सात वर्ष से कम की सजा के केस में गिरफ्तार करना जरूरी नहीं है। सोनू गुप्ता के खिलाफ बिना गिरफ्तारी के कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।