कविनगर थानाक्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर इलाके के दबंग व्यक्ति ने महिला को गली से मुख्य सड़क पर घसीटकर बेरहमी से पीटा। महिला बेहोश हो गई तो आरोपी ने लोहे की कुर्सी से उसके सिर पर वार किए। घटना के वक्त आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे। जब आरोपी चला गया तो काफी देर बाद एक युवक ने साहस जुटाकर महिला को उठाया। घटना शनिवार को हुई और पुलिस ने मामला मारपीट में दर्ज कर लिया। मंगलवार को वीडियो वायरल हो जाने के बाद पुलिस ने छेड़छाड़ एवं अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कविनगर थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति का कहना है कि उसकी पत्नी बीते शनिवार को शाम करीब साढ़े 5 बजे दुकान से सामान लाने के लिए घर से निकली ही थी कि पड़ोस में रहने वाले सुनील चौधरी ने उस पर अश्लील कमेंट किए। इसके बाद उसकी पत्नी ने आरोपी सुनील की पत्नी से घटना की शिकायत की। इसी बात से तैश में आकर सुनील चौधरी उसकी पत्नी को गली से घसीटकर सड़क पर ले आया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
सुनील चौधरी ने पास की एक दुकान पर रखी लोहे की कुर्सी उठाकर महिला पर ताबड़तोड़ वार किए। पीड़ित परिवार ने शनिवार को ही इस मामले में तहरीर दी जिसके आधार पर पुलिस ने मारपीट की धाराओें में मामला दर्ज कर लिया था।
वीडियो में आरोपी की क्रूरता देख सन्न रह गए लोग...
महिला के साथ क्रूरता की पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज देखने पर पता चला है कि आरोपी सुनील महिला को सड़क पर गिराकर बुरी तरह मारता-पीटता रहा। इस दौरान कई महिलाएं और पुरुष मौके पर खड़े होकर तमाशबीन बने रहे। आरोपी की दबंगई के चलते किसी ने भी महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। वहीं, कुछ लोग घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे।
किसी तरह युवक ने जुटाई हिम्मत
आसपास के इलाके में आरोपी की इतनी दहशत है कि कोई भी घटना के वक्त महिला को बचाने नहीं आया। जब महिला अचेत हो गई तो आरोपी चला गया। इसके कुछ देर बाद हिम्मत करके एक युवक धीरे-धीरे महिला की ओर बढ़ा। इस युवक ने चारों तक देखा कि कहीं आरोपी दोबारा तो नहीं आ रहा है। इसके बादर परिजनों की मदद से उसने महिला को उठाया और अस्पताल पहुंचाया।
लखनऊ तक मचा हड़कंप तो आरोपी हुआ गिरफ्तार...
12 सितंबर को हुई घटना में बेशक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था, लेकिन परिवार का आरोप है कि केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, मंगलवार को जब सीसीटीवी फुटेज के साथ सोशल मीडिया पर शिकायत की गई तो मामले की गूंज मेरठ से लेकर लखनऊ तक पहुंची। आला अफसरों द्वारा स्थानीय पुलिस से जवाब-तलब किया गया, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को आनन-फानन में गिरफ्तार कर लिया।
केस में बढ़ेगी धाराएं, गुंडा एक्ट भी लगेगा...
एसपी सिटी अभिषेक वर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूर्व में केस दर्ज कर लिया गया था। कुछ मेडिकल रिपोर्ट आनी अभी बाकी हैं, जिनके आधार पर केस में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी का कहना है कि घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सालभर पहले भी की थी शर्मनाक हरकत...
महिला के पति का कहना है कि करीब एक साल पहले भी सुनील चौधरी ने उनके घर की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता की थी। जिसकी उनकी तरफ से कविनगर थाने में शिकायत भी दी गई थी। लेकिन समाज के संभ्रांत लोगों के कहने पर और आरोपी द्वारा लिखित में माफी मांगे जाने पर उन्होंने समझौता कर लिया था।
मोहल्ले की महिलाओं का निकलना किया दुश्वार...
पीड़ित परिवार का कहना है कि सुनील चौधरी की इलाके में दबंग किस्म के व्यक्ति की छवि है। वह रास्ते में आने-जाने वाली महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करता है। उसकी इन हरकतों से तमाम महिलाएं परेशान हैं, लेकिन लोकलाज और उसकी दबंगई के चलते महिलाएं शिकायत करने से बचती हैं। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी लगातार अपनी हरकतों को अंजाम दे रहा है। अब तक आरोपी दर्जनभर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर चुका है।