सेक्टर-39 थाना अंतर्गत सेक्टर-108 स्थित एक मीडियाकर्मी के घर से लाखों के आभूषण व कीमती सामान की चोरी हो गई।
घटना उस वक्त की है जब मीडियाकर्मी और उसका परिवार ईद के मौके पर परिजनों से मिलने गांव गए हुए थे। पुलिस के अनुसार एक न्यूज चैनल के संवाददाता दानिश अजीज सेक्टर-108 में पत्नी के साथ रहते हैं। ईद के मौके पर वह परिजनों के पास गए थे।
घर में वह अपने दोस्त के रिश्तेदार को रुकने के लिए छोड़ गए थे। रविवार को वह दिन में कहीं बाहर गए हुए थे। घर के मेन गेट पर भी ताला लगा हुआ था। चोर बगल के खाली पड़े प्लॉट से दीवार कूद कर घर के अंदर घुसे। दरवाजे पर लगी कुंडी उन्होंने उखाड़ दी।
बदमाशों ने अलमारी तोड़ कर शादी की लाखों रुपये की आभूषण के साथ घर से कीमती सामान भी चोरी कर ले गए। दानिश ने बताया कि रात को जब उनके दोस्त के रिश्तेदार घर पर आए तो उन्हें चोरी का पता चला।
रिश्तेदार ने उन्हें फोन पर चोरी की सूचना दी। वहीं, बताया जा रहा है की छानबीन के दौरान पड़ोस के एक प्लॉट में बने कमरे में चोरी का कुछ सामान मिला है। सेक्टर-39 पुलिस का कहना है कि चोरी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।