त्योहारी सीजन में बाजार की रौनक बढ़ने लगी है। ऑटो बाजार, सर्राफा बाजार और रेडीमेड कपड़ों के बाजार में अचानक से तेजी आ गई है। करवाचौथ को देखते हुए ग्राहक एडवांस में जवेलरी की बुकिंग करा रहे हैं।
वहीं धनतेरस के लिए अभी से वाहनों की बुकिंग शुरू हो गई है। व्यवसायियों का कहना है कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष बाजार में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी।
पितृ पक्ष के बाद शुरू हुआ त्योहारी सीजन दीपावली तक चलेगा। नवरात्र में ऑटो सेक्टर को इतनी उम्मीद नहीं थी कि ग्राहकों का इतना अच्छा रिस्पांस मिलेगा।
अब कंपनियां धनतेरस और दीपावली को लेकर तैयारियां कर रही हैं। कंपनी प्रतिनिधियाें का कहना है कि इस बार मंदी के बादल नहीं है। इसलिए मार्केट की ग्रोथ ज्यादा रहेगी।
ऑटो सेक्टर: ऑटो कंपनियों ने अब धनतेरस की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मारुति रीजेंट ऑटो लिंक के जीएम दिलीप शर्मा ने बताया कि इस बार ऑटो सेक्टर में 25 से 30 प्रतिशत तक की ग्रोथ रहेगी। अकले इस शोरूम से नवरात्र में रोजाना 20 से 25 गाडि़याें की बिक्री हुई थी।
धनतेरस पर उम्मीद है कि इससे ज्यादा गाडि़यां बिकेंगी। वहीं यही हाल टू व्हीलर का है। हीरो कंपनी शोरूम के मैनेजर देवेंद्र चौहान के मुताबिक धनतेरस तक आते-आते सेल तीन गुनी बढ़ जाएगी।
सर्राफा बाजार: सर्राफा बाजार में भी तेजी आई है। उत्तर प्रदेश स्वर्णकार महासंघ के महामंत्री रवि वर्मा ने बताया कि ग्राहकों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। अभी करवाचौथ के लिए बुकिंग हो रही है। जिसमें चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र की डिमांड ज्यादा है। धनतेरस और दीपावली तक डिमांड और बढ़ जाएगी।