उत्तम नगर इलाके में एक्साइज इंस्पेक्टर अमित की पत्नी दीपमाला उर्फ दीपा व उसके दो बच्चों की बेरहमी से हत्या की गुत्थी और उलझ गई है।
शनिवार को दीपा के जीजा दीपक (31) का शव कुतुबशेर, सहारनपुर इलाके में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हालात में मिला। सूत्रों की मानें तो पुलिस को दीपक पर भी शक था।
इसी वजह से दीपक से पूछताछ भी गई थी। सहारनपुर में दीपक की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। दिल्ली पुलिस की टीम सहारनपुर जांच के लिए पहुंच गई है।
दीपक की मौत हत्या या आत्महत्या ?
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि हत्याकांड में पुलिस ने एक-एक कर करीब 25 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। अभी भी लोगों से पूछताछ जारी है।
हत्या के संबंध में दीपक से भी पूछताछ की गई थी। पुलिस को शक था कि दीपक का हत्याकांड से कोई न कोई संबंध है। सूत्रों की मानें तो एक जून को जिस दिन वारदात हुई उस दिन दीपक सहारनपुर में भी नहीं था।
दीपक का सहारनपुर में बिजनेस बताया जा रहा है। अब शनिवार को अचानक दीपक का शव मिलने से हत्याकांड से उसका कोई न कोई होने की बात लगभग साफ हो गई है।
वारदात के दौरान दीपा के कपड़े फटे हुए थे
सूत्र तो यह भी बताते हैं कि वारदात के दौरान दीपा के कपड़े भी फटे हुए थे। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं ऐसा तो नहीं था कि दीपा के साथ कोई जोर जबरदस्ती की गई हो।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मानें तो शनिवार को अमित दिन भर दिल्ली में ही पुलिस के साथ ही जांच में शामिल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जल्द ही मामले से पर्दा उठाने की बात कर रहे हैं। गौरतलब है कि एक जून को एक्साइज इंस्पेक्टर अमित की पत्नी दीपा और उसके दो बच्चों की घर में चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।