खंड के गांव उटोन में शनिवार को जिंदा जली दो मासूम बच्चियों को रविवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाककर दिया गया। इस मौके पर आसपास के गांवों के लोगों का भारी हुजूम उमड़ा। क्षेत्रीय विधायक भी पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। उन्हें ग्राम पंचायत व ग्रामीणों की ओर से एक ज्ञापन देकर पीड़ित परिवार को सरकार से आर्थिक मदद दिलाने की फरियाद की गई।
विधायक ने पीड़ितों की हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। बता दें कि शनिवार की शाम गांव उटोन में बिजली के शार्ट सर्किट के कारण कच्चे रिहायशी छप्पर में आग लग गई थी। इससे मकान में सो रहीं दो बच्चियों आसमीन (2) व जासमीन (3) की जलने के कारण मौत हो गई थी। इस हादसे में पीड़ित का घरेलू सामान, ट्रैक्टर, इंजन भी जलकर राख हो गए।
पुलिस ने रविवार को बच्चियों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। उसे रविवार को दोपहर बाद कब्रिस्तान में दफना दिया गया। इस मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुटे।
ग्राम पंचायत ने नायब तहसीलदार व पंचायत समिति प्रधान को भी गांव में पहुंचने पर ज्ञापन देकर सरकार से पीड़ितों की मदद की करने की मांग की। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निगम के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।