उत्तम नगर की रहने वाली निशा रानी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। पीड़िता के मुताबिक ऋषिकेश के एक आश्रम में कमरा बुक कराने झांसा देकर ठग ने उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली। द्वारका साइबर सेल ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गूगल पर ऋषिकेश के एक आश्रम का नंबर लेकर कमरा बुक करने के लिए संपर्क करना एक युवती को भारी पड़ गया। दो हजार रुपये का ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कहकर जालसाज ने युवती के बैंक खाते में सेंध लगा दी और बैंक खाते से एक लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाल ली। पीड़िता की शिकायत पर द्वारका साइबर सेल ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
उत्तम नगर की रहने वाली निशा रानी ने बताया कि उसे परिवार समेत ऋषिकेश जाना था। वह 17 जून को गूगल पर ऋषिकेश के आश्रमों की जानकारी हासिल कर रही थी। सर्च के दौरान उसे वनप्रस्थ आश्रम की जानकारी मिली। आश्रम में कमरा बुक करने के लिए उसने चैट पर बात की। चैट करने के दौरान उसे एक मोबाइल नंबर दिया गया। फोन शास्त्री नामक व्यक्ति ने उठाया। उसने कहा कि दो कमरा बुक करने के लिए अभी ऑनलाइन पेमेंट करनी होगी। इसके बाद एक बार कोड भेजा।
पीड़िता ने इसके जरिए दो हजार रुपये भेज दिए। कुछ देर बाद उसी नंबर से फोन आया। फोनकर्ता ने बताया कि वह एक कोड 49856 भेज रहा है, जिसे वह पेटीएम खोलकर उसपर डालकर पे पर क्लिक कर दें। पीड़िता के ऐसा करने पर उसके बैंक खाते से 49856 रुपये निकल गए। पैसे कट जाने की बात कहने पर आरोपी ने कहा कि वह इस बार कोड स्केनर भेज रहा है, जिसे स्केन करने पर उसके पैसे वापस आ जाएंगे। ऐसे करने पर उसके खाते से 20 हजार रुपये और निकल गए। शिकायत करने पर आरोपी ने एक बार फिर कोड भेजा, इसे लिंक करते ही बैंक खाते से 30 हजार रुपये और निकल गए। लगातार पैसे निकलने पर पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उसने इसकी शिकायत साइबर सेल में की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।