द्वारका में कुत्तों की नसबंदी सेंटर का होगा विस्तार, यहां पर एक नई यूनिट स्थापित की जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने दिल्ली में पहला डॉग शेल्टर बिजवासन इलाके में बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके अलावा उसने द्वारका में कुत्तों की नसबंदी सेंटर का विस्तार करने का निर्णय लिया है। यहां पर काफी जगह है और उसमें एक नई यूनिट स्थापित हो सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आदेश दिए थे कि लावारिस और आक्रामक कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि एक ओर जहां नसबंदी कार्यक्रम को तेज किया जाए, वहीं दूसरी ओर ऐसे खतरनाक कुत्ते जिनसे लोगों की सुरक्षा को खतरा है, उन्हें अलग रखकर शेल्टर होम में रखा जाए। इन्हीं निर्देशों के तहत एमसीडी ने बिजवासन में पहला शेल्टर बनाने की पहल शुरू की है।
दो दिन पहले एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने प्रस्तावित स्थल का दौरा किया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस शेल्टर के निर्माण में देरी न हो। इस शेल्टर में न केवल आक्रामक और खतरनाक कुत्तों को रखा जाएगा, बल्कि यहां नसबंदी, इलाज और देखभाल की भी पूरी व्यवस्था होगी। इसी कड़ी में सत्या शर्मा ने द्वारका स्थित नसबंदी केंद्र में भी एक और नई यूनिट शुरू करने का आदेश दिया है। अभी यहां सिर्फ एक यूनिट ही चल रही है जबकि पर्याप्त जगह उपलब्ध है। नई यूनिट के शुरू होने से नसबंदी की गति और तेज होगी और आसपास के इलाकों में डॉग बाइट के मामलों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।