दिल्ली में कोरोना वायरस के तेजी से फैलने को लेकर केंद्रीय नेतृत्व भी सक्रिय हो गया है। खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में अंतिम संस्कार के लिए नई गाइडलाइन जारी करने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे परिजनों के लिए प्रतीक्षा की अवधि कम हो सके।
अब ऐसे लोगों के शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए परिजनों को संक्रमण से जुड़ी लैब टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को लिखे पत्र में कहा कि संदिग्ध कोरोना पीड़ित मरीजों के शव लैब रिपोर्ट का इंतजार किए बिना ही उनके परिजनों के हवाले किए जाएं। साथ ही यह भी कहा गया है कि ऐसे मामलों में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइंस के तहत ही पूरी की जानी चाहिए।
करीब सवा घंटे की बैठक में दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने, जांच की सुविधा बढ़ाने, अस्पतालों में कोविड बेड सुनिश्चित करने और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा हुई। समीक्षा बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल अनिल बैजल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षर्धन समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
गृह मंत्री ने ट्वीट कर बताया कि कोरोना मरीजों के लिए बेड की कमी को देखते हुए तुरंत 500 रेलवे द्वारा तैयार आइसोलेटेड कोच दिल्ली को दिए जाएंगे। इससे दिल्ली में 8000 बेड बढ़ जाएंगे।
यह कोच कोरोना संक्रमण से लडने के लिए सभी सुविधाओं से लेस होंगे। दिल्ली के कंटेनमेंट जोन की मैपिंग की जाएगी। इसके लिए घर-घर जाकर हर एक व्यक्ति का व्यापक स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा। इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में आ जाएगी। अमित शाह ने यह भी कहा कि कोरोना संक्रमण की रोक-थाम के लिए अगले दो दिन में टेस्टिंग दोगुना बढ़ाया जाएगा।
6 दिन बाद टेस्टिंग को बढाकर तीन गुना कर दिया जाएगा। कुछ दिनों बाद कंटेनमेंट जोन में हर पोलिंग स्टेशन पर टेस्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। सिलसिलेवार ट्वीट में अमित शाह ने कहा कि टेलीफोन से गाइडेंस के लिए वरिष्ठ डॉक्टर्स की एक कमेटी बनाई जाएगी। जल्द ही इसका एक हेल्पलाइन जारी किया जाएगा। प्राइवेट अस्पतालों में 60 प्रतिशत कम रेट पर बेड उपलब्ध कराया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली सरकार का स्वास्थ्य विभाग, एम्स, तीनों एमसीडी के डॉक्टर्स की संयुक्त टीम बनेगी। कोरोना से लडने की तैयारियों का निरीक्षण कर एक रिपोर्ट तैयार करेगी। कोरोना से लडने के लिए केंद्र सरकार पांच वरिष्ठ अधिकारी देने का निर्णय किया है। स्काउंट एंड गाइड, एनसीसी, एनएसएस व अन्य स्वंय सेवी संस्था के वॉलेंटियर को जोड़ा जाएगा। सभी के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को इस महामारी से लडने के लिए आवश्यक संसाधन जैसे ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, पल्स ऑक्सीमीटर और अन्य सभी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पुर्णत: आश्वस्त किया है।