समारोह में सीबीएसई, सीआईएससीई और यूपी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में 70 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वाले 800 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल गए।
साउथ साइड जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईपीईएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में रविवार को अमर उजाला की ओर से भविष्य ज्योति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सीबीएसई, सीआईएससीई और यूपी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में 70 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वाले 800 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल गए।
विज्ञापन
समारोह स्थल पर सुबह से ही अभिभावकों के साथ मेधावी बच्चों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुआ कार्यक्रम दोपहर बाद तक चलता रहा। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी, विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, आईएएस अधिकारी अयान जैन, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव और उप जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
अतिथियों ने मेधावियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने विद्यार्थियों से कहा कि कॅरिअर की शुरुआत में अलग तरह की कठिनाइयां आती हैं उनका डटकर सामना करना चाहिए। शुरू में मेहनत करना खलता नहीं है लेकिन इस मेहनत को आगे तक बरकरार रखना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि अपने अंदर की योग्यता को पहचाने और आगे बढ़ें।
विज्ञापन
सिर्फ अपने और परिवार के बारे में नहीं, देश के हित में भी सोचें। सीडीओ अभिनव गोपाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सिर्फ सरकारी नौकरी वाले ही महत्व नहीं रखते। ऐसे लोगों की जरूरत ज्यादा है जो दूसरों को भी रोजगार दें। किसी दबाव में आकर भविष्य का फैसला न करें। भले ही थोड़ा समय लगे लेकिन उसी कार्यक्षेत्र में जाएं, जहां आपको जाना चाहिए। जीवन में दोस्ती, पढ़ाई, मस्ती, खेल सभी जरूरी हैं। जीवन को भरपूर तरीके से जीयें। खुद को अवसर दें, सामाजिक दायरों में न फंसें।