नगर निगम के पंप ऑपरेटर मंजीत सिंह की हत्या उनके नौकर अमर सिंह ने मंगलवार देर रात सिर में गोली मारकर कर दी और भाग निकला।
मृतक की मां शिक्षा देवी ने गोली की आवाज सुनी तो छत पर गईं वहां बेटे का लहूलुहान शव पड़ा हुआ पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मंजीत मां शिक्षा देवी के साथ नहरपार हनुमान नगर में रहते थे। निगम के पब्लिक हेल्थ वाटर सप्लाई विभाग में तैनात मंजीत वाईएमसीए पंप ऑपरेटर थे।
एक सप्ताह पहले ही उन्होंने कैंटर खरीदा था। कैंटर पर उन्होंने मूल रूप से मथुरा के रहने वाले अमरसिंह को बतौर चालक रखा था। छह दिन पहले भाड़ा लेकर बनारस गया अमरसिंह मंगलवार की शाम लौटा था।
रिश्तेदार सुखलाल के मुताबिक शाम को मंजीत और अमरसिंह घर की छत पर शराब पीने के लिए इक्ट्ठा हुए थे। देर रात दोनों में किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई और अमर सिंह ने उसके सिर में गोली मार दी।
मालूम हो कि अविवाहित मंजीत शिक्षादेवी का इकलौता बेटा था, आशंका जताई जा रही है कि कैंटर पर कब्जा करने की नीयत से अमरसिंह ने उसकी हत्या की।
भूपानी थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप आरोपी कैंटर चालक की तलाश की जा रही है।