फरीदाबाद के कौराली के स्वास्थ्य केंद्र पर परिवार नियोजन ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार को मंझावली निवासी मिथलेश की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है। परिजनों के भारी विरोध के बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ।
परिजनों का आरोप था कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आरोपी डॉक्टर को बचाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। गुस्साए परिजनों ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तिगांव थाने में शिकायत दी है। इसके अलावा परिजनों ने डॉक्टर को निलंबित करने की मांग सिविल सर्जन डॉ. रामेंद्र सिंह से की।
पढ़ें: डॉक्टर ने कहा, चुप रहो वरना उठवा ले जाऊंगा
पति सतीश ने बताया कि ऑपरेशन से पहले मिथलेश बिल्कुल ठीक थी। उसे कोई परेशानी नहीं थी। सतीश ने आरोप लगाया कि जिस डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन किया है, उसी की गलती है। इसका हर्जाना डॉक्टर को बर्खास्त करके पूरा किया जा सकता है।
परिजनों की बात सुनने के बाद सिविल सर्जन डॉ. रामेंद्र सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम करने के लिए तीन डॉक्टरों की एक टीम को तैयार किया गया है। रिपोर्ट को गोपनीय रखा जाएगा, पोस्टमार्टम के दौरान परिवार का एक सदस्य भी मौजूद रह सकता है।
पढ़ें: नाबालिग लड़की को घर से भगा ले गया
इसके अलावा मामले की जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। इसमें जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. आरएन स्वामी और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. परोनिता अहलावत होंगी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम हो सका।
सीएमओ ने बताया कि पीड़ित पक्ष को दो लाख रुपये हर्जाना और 10 हजार रुपये क्रियाकर्म के लिए दिए जाएंगे। गौरतलब है कि मिथलेश की मौत शुक्रवार को कौराली स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित परिवार नियोजन शिविर में ऑपरेशन के दौरान हुई थी।