नई दिल्ली।
राजधानी के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में बृहस्पतिवार की शाम भक्ति संगीत उत्सव की शुरुआत हुई। तीन दिन तक चलने वाले इस उत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकार भक्ति संगीत की प्रस्तुति दे रहे हैं। आयोजन दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के अंतर्गत साहित्य कला परिषद कर रही है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस मौके पर दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पहली शाम की शुरुआत मशहूर भजन गायिका अनुराधा पौडवाल की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने हनुमान चालीसा और दुर्गा अमृतवाणी जैसे भजन गाकर पूरे माहौल को भक्ति से भर दिया। इसके बाद पद्मश्री भैरव सिंह चौहान ने लोक और भक्ति से जुड़े भजन प्रस्तुत किए। उनके भजनों में गांव और लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। पहले दिन के कार्यक्रम का समापन प्रसिद्ध युगल अग्निहोत्री बंधु की प्रस्तुति से हुआ। उत्सव का अंतिम दिन 15 मार्च को होगा। इस दिन अंशू थपलियाल, धनंजय हेगड़े और नितिन कुमार मंच पर भक्ति संगीत पेश करेंगे। यह कार्यक्रम कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में हो रहा है और इसमें प्रवेश सभी के लिए मुफ्त है।