सीएम ने किया उद्घाटन, सालाना एक लाख वाहनों की हो सकेगी फिटनेस जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े स्वचालित वाहन परीक्षण स्टेशनों में से एक बुराड़ी का शनिवार को उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पांच लेन वाले इस स्टेशन का शुभारंभ किया। यहां सालाना एक लाख वाहनों की स्वचालित फिटनेस जांच की जा सकेगी। इनमें 40 हजार भारी और 60 हजार हल्के मोटर वाहन शामिल हैं।
तकनीक आधारित जांच से वाहनों की फिटनेस और उत्सर्जन मानकों की निगरानी मजबूत होगी, जिससे सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। स्टेशन से दिल्ली-एनसीआर के कमर्शियल वाहन मालिकों को आधुनिक फिटनेस जांच की सुविधा मिलेगी।
बुराड़ी से पहले तेखंड और नंद नगरी में भी स्वचालित परीक्षण स्टेशन शुरू किए जा चुके हैं। बुराड़ी केंद्र के शुरू होने के बाद तीनों स्टेशनों की संयुक्त वार्षिक क्षमता 2.5 लाख से अधिक वाहनों की हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को केवल सर्दियों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। वाहनों की फिटनेस और उत्सर्जन मानकों की नियमित जांच सालभर चलने वाले प्रयास का हिस्सा है। है।