सीएम ने किया उद्घाटन, सालाना एक लाख वाहनों की हो सकेगी फिटनेस जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बुराड़ी में देश के सबसे बड़े स्वचालित परीक्षण स्टेशनों में से एक का उद्घाटन शनिवार को किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पांच लेन वाले इस स्टेशन का शुभारंभ किया। यहां सालाना एक लाख वाहनों की स्वचालित फिटनेस जांच हो सकेगी।
इनमें 40 हजार भारी और 60 हजार हल्के मोटर वाहन जांचे जाएंगे। तकनीक आधारित जांच से सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण की निगरानी मजबूत होगी। दिल्ली-एनसीआर के कमर्शियल वाहनों को आधुनिक फिटनेस जांच की सुविधा मिलेगी। बुराड़ी से पहले तेखंड और नंद नगरी में भी ऐसे स्टेशन शुरू किए गए हैं। बुराड़ी स्टेशन के साथ तीनों केंद्रों की संयुक्त क्षमता सालाना 2.5 लाख से अधिक वाहनों की हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को केवल सर्दियों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। वाहन फिटनेस और उत्सर्जन मानकों की नियमित जांच इसी सालभर चलने वाले प्रयास का हिस्सा है।