12 टीमों के बीच होगी रोमांचक टक्कर
नई दिल्ली। राजधानी में इस वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर देश की पहली मटकी फोड़ लीग (एमपीएल) का आयोजन होगा। इसमें दिल्लीभर से 12 टीमें भाग लेंगी जिनमें आठ लड़कों की टीमें अर्बन गोविन्दास, हांडी हंटर्स, नंद निंजास, हांडी हीरोज, मटकी स्मेशर्स, दही हांडी वारियर्स, माखन फोर्स व गोविंदा रोकर्स और चार लड़कियों की टीमें मटकी क्विन, दही दिवास, मटकी ब्रेकर्स और द हाई फ्लायर्स शामिल हैं। टीमें अपने कौशल, उत्साह और ऊर्जा से दर्शकों का रोमांच बढ़ाएंगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन छत्रपति शिवाजी समाज कल्याण एवं शिक्षा प्रचार समिति कर रही है। इस संबंध में सोमवार को हुई बैठक में संस्था संस्थापक व वरिष्ठ भाजपा नेता जय भगवान गोयल ने सभी पदाधिकारियों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपीं। इस अवसर पर पद्मश्री शंकर महादेवन विशेष प्रस्तुति देंगे जिसमें वे भक्ति और उत्सव से भरपूर भजन व गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। त्यागराज स्टेडियम को अत्याधुनिक ध्वनि-प्रणाली, रंगीन लाइटिंग और भव्य मंच से सजाया जाएगा। बैठक में धर्मेन्द्र बेदी, मनदीप गोयल, ईश्वर चौधरी, महंत अमरनाथ, स्वामी अवधेशानंद महाराज, प्रेम चंद गुप्ता, अवध कुमार, दिनेश गुप्ता, विनोद गुप्ता, रमेश गुप्ता, शंकर लाल अग्रवाल, मुकेश जैन, रामचन्द्र और भरत शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। ब्यूरो