नई दिल्ली से पूर्व सांसद व केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय माकन को दिल्ली कंपेन कमेटी की कमान सौंपकर कांग्रेस विजय रथ पर सवार होना चाहती है। खुद माकन अब न सिर्फ कमान थामने को तैयार हैं बल्कि विधानसभा का चुनाव भी लड़ने को तैयार हैं।
दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के विकल्प की बात जब-जब हुई तो अजय माकन का नाम हमेशा ऊपर रहा। टिकटों के बंटवाने में जिस सांसद की सबसे ज्यादा राय मानी जा रही है उनमें भी माकन पहले नंबर पर हैं। अब किसी भी समय कमेटी की घोषणा की जा सकती है।
सूत्र बताते हैं कि राजधानी में सिख-पंजाबी मतदाता बड़ी संख्या में हैं। 1993 से 2013 तक लगातार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचने वाले विधायकों की संख्या 15-22 तक रही है।
ऐसे में जहां प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह(सिख) हैं तो कंपेन कमेटी की कमान माकन (पंजाबी) को सौंपे जाने से कांग्रेस को इस वर्ग से मिलने वाले वोटों में इजाफा होगा।
यूं तो अजय पूर्व में राजौरी गार्डन से विधायक रहे हैं, लेकिन इस बार सदर बाजार सीट से मैदान में उतर सकते हैं। बताते चलें कि सदर बाजार सीट से पूर्व विधायक राजेश जैन का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वहीं सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी अच्छी खासी है।