ट्रांसफॉर्मर फुंकने के चलते तीन दिन से न्यादरगंज मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज लोगों ने शनिवार को दादरी तहसील गेट के सामने जीटी रोड पर जाम लगाकर एक घंटा तक यातायात बाधित रखा।
उपजिलाधिकारी ने शाम तक आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। दादरी के न्यादरगंज मोहल्ले का ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिन से फुंक हुआ है। मोहल्ले के लोगों ने ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी।
लेकिन ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदला गया। बिजली की आपूर्ति बंद है। बिजली नहीं होने से परेशान लोगों ने शनिवार सवेरे दादरी तहसील गेट पर जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
ट्रकों को बीच में खडे़ कराकर लोग सड़क पर ही बैठ गए। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी लाईन लग गई। जीटी रोड जाम की सूचना मिलने पर दादरी उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों की समस्या सुनी। दादरी उपजिलाधिकारी ने लोगों को सायं तक बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सायं तक उनकी आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे फिर जाम कर आंदोलन करेंगे।