शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए प्रदेश शासन ने बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) से संबद्ध आठवीं तक के स्कूलों की 14 जनवरी तक फिर छुट्टियां घोषित कर दी हैं।
दूसरी ओर डीएम विमल कुमार शर्मा ने सीबीएसई और आईसीएसई के आठवीं क्लास तक की केवल 12 जनवरी सोमवार की छुट्टी घोषित की है। यूपी बोर्ड में नौवीं से 12वीं तक की क्लासेज में पढ़ाई होगी। बेसिक और यूपी बोर्ड के स्कूल अब 15 जनवरी को विधिवत समय खुलेंगे।
बेसिक स्कूलों में छुट्टियों के संबंध में बेसिक शिक्षा सचिव संजय सिन्हा और यूपी बोर्ड में माध्यमिक शिक्षा सचिव जितेंद्र कुमार के आदेश आने के बाद डीएम ने छुट्टियां घोषित की है।
प्राइवेट स्कूलों में एक दिन की छुट्टियां डीएम ने अपने स्तर से की है। बीएसए डा. प्रवेश यादव ने कहा कि मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए सचिव द्वारा छुट्टियों को आगे तक बढ़ा दिया गया है।
अब 15 जनवरी से स्कूल खोले जाने के आदेश हैं। डीएम विमल कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सर्दी को देखते हुए उन्होंने 12 जनवरी को जिले के सभी 8वीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद किए जाने का आदेश दिया है।
विंटर ब्रेक पर सोमवार को लगना था ब्रेक
सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों में दिसंबर माह से जारी विंटर वेकेशन पर सोमवार को ब्रेक लगना था। डीएम की ओर से आठवीं तक की क्लासेज की एक दिन और छुट्टियां बढ़ाए जाने से बच्चों को एक दिन और मस्ती का समय मिल गया है।
अधिकांश स्कूल 12 जनवरी से खुलने थे। डीपीएसजी में 13 जनवरी तो जीडी गोयनका में केवल 15 जनवरी से स्कूल खुलने हैं। सीबीएसई के डीपीएसजी मेरठ रोड, डीडीपीएस में सोमवार से प्री-बोर्ड शुरू होंगे।
15 जनवरी से प्रैक्टिकल का कार्यक्रम आने से स्कूलों ने एग्जामिनर से संपर्क करना शुरू कर दिया है। पहले से ही कोर्स पिछड़ने से परेशान स्कूलों की एक दिन और छुट्टियां बढ़ने से टेंशन बढ़ गई है।