नगर निगम द्वारा शुक्रवार को बिना अनुमति के मियांवाली कॉलोनी में बनाए जा रहे एक भवन को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई सीएम विंडो पर की गई शिकायत के बाद की गई।
नगर निगम को शिकायत मिली थी कि मियांवाली कॉलोनी में रवि कुमार अनाधिकृत रूप से मकान बनवा रहा है। इसके लिए उसने नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली थी।
साथ ही उसके पास बिल्डिंग प्लान की स्वीकृति भी नहीं है। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया इसके बाद रवि को दो बार नोटिस भेजा लेकिन इसका कोई जवाब नहीं आया।
एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही डीटीपी संजीव मान के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर संदीप राठी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भवन को सील कर दिया।
निगमायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने कहा कि निगम सीमा में भवन निर्माण से पहले नगर निगम से बिल्डिंग प्लान स्वीकृत करवाना अनिवार्य है।
अगर कोई व्यक्ति बिना स्वीकृति के भवन निर्माण करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के बाद भवन को सील करा दिया जाए।
निगमायुक्त ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी अनाधिकृत रूप से भवन निर्माण होता है तो वह इसकी सूचना नगर निगम को दें। सही पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।