राजधानी में आठ करोड़ की लूट के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों-प्रवीण, तिलकराज उर्फ टिंकू और गुलजार के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर व एक पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों ने रिवॉल्वर का लाइसेंस बनवा रखा था या फिर वह चोरी की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वारदात में कुल पांच हथियारों का प्रयोग हुआ था।
इनका इंतजाम वारदात के मास्टरमाइंड शक्ति नायडू ने किया था। लूट के बाद उसने कुछ हथियारों को वापस ले लिया था।
दूसरी ओर दक्षिण-पूर्व जिले के स्पेशल स्टाफ ने जिन दो बदमाशों अजय व जोगिंदर उर्फ जॉनी को गिरफ्तार किया है, उनसे पूछताछ के बाद शक्ति नायडू, प्रदीप मछेंद्र समेत तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें दिल्ली, रोहतक, पंजाब समेत कई स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
जॉनी ने बताया कि उसने लूट की रकम में से करीब 91 हजार रुपये की बाइक खरीद ली थी। बताया जा रहा है जॉनी की गर्लफ्र्रेंड भी आरोपी के खिलाफ बयान देने के तैयार हो गई है।