धौज गांव में अवैध खाल के साथ पकड़े गए तस्करों और उनको अदालत में पेश करने गए सिपाही को कोर्ट परिसर में तीन हमलावरों ने पीटा। वकील की ड्रेस में आए तीनों हमलावर आरोपी और सिपाही को पीट कर फरार हो गए।
सिपाही की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। मालूम हो कि धौज चौकी इंचार्ज सत्यनारायण और उनकी टीम ने धौज गांव में मंगलवार तड़के साबिर, वाहिद और असलूप को पशुओं की करीब तीन सौ खालों के साथ गिरफ्तार किया था।
तस्करी कर हापुड़ ले जाई जा रही खालों में भैंस, बकरियों के अलावा गाय-बछड़ों की भी खाल थी। धौज चौकी के सिपाही सुरेंद्र सिंह, रोहताश और शब्बीर तीनों आरोपियों को पेश करने के लिए बृहस्पतिवार को सेक्टर 12 स्थित अदालत पहुंचे थे।
सिपाही सुरेंद्र के मुताबिक वकील की ड्रेस पहन कर आए तीन युवकों ने खाल तस्करी के आरोपियों को पीटना शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन्हें भी जमकर पीटा।
एसएचओ सेक्टर 55 इंस्पेक्टर प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और मुलाजिम के साथ मारपीट का केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।