नई दिल्ली। त्यागराज स्थित जगन्नाथ मंदिर में 59वां रथ यात्रा महोत्सव 29 जून से 27 जुलाई तक धूमधाम से मनाया जाएगा। पहली बार दिल्ली में महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के तीन दिव्य रथों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
महोत्सव की शुरुआत 29 जून को स्नान पूर्णिमा से होगी। इसके बाद 15 जुलाई को नवयौवन दर्शन और 16 जुलाई को मुख्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 20 जुलाई को हेरा पंचमी, 24 जुलाई को बहुदा यात्रा, 25 जुलाई को सुना बेष, 26 जुलाई को अधरा पाना तथा 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे के साथ महोत्सव का समापन होगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 7 से 9:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान भी होंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था बल्कि सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बनेगा। संवाद