ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह एक ट्रक पलटने से जाम लग गया। इसके चलते रूट डायवर्ट कर फ्लाईओवर पर एक लेन ट्रैफिक मोहन नगर से गाजियाबाद चलाया गया।
चौधरी मोड़ से मोहन नगर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को फ्लाईओवर से नीचे जीटी रोड के रास्ते से निकाला गया। वाहनों का दबाव बढ़ने से जीटी रोड पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
दो घंटे तक वाहन रेंग रेंग कर चले। पुलिस ने क्रेन से ट्रक को सड़क से हटवाया, तब यातायात सामान्य हुआ। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर सुबह आठ बजे चौधरी मोड़ से ठाकुरद्वारा की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रक पलट गया जिससे चालक घायल हो गया।
इससे फ्लाईओवर पर दोनों तरफ जाम लग गया, सूचना पर पुलिस पहुंची। ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जाम में सैकड़ों लोग फंसे रहे। जाम में फंसे नौकरीपेशा लोगों को ज्यादा दिक्कत हुई।
बता दें कि ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर सर्पाकार बना हुआ है, जिस कारण इस पर वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। यहां बनने के बाद से 10 से ज्यादा लोगों की हादसों में मौत हो चुकी है।
चौधरी मोड़ की ओर से मोहन नगर जाने वाले वाहन चालक पुराना बस अड्डा होते हुए मेरठ तिराहे से मोहन नगर पहुंचे। उधर, मोहन नगर से चौधरी मोड़ की ओर आने वाले वाहन मेरठ तिराहे से पुराना बस अड्डा होते हुए चौधरी मोड़ पहुंचे।
बस खराब होने से हाईवे-58 पर भी जाम
हाईवे 58 पर रेलवे रोड तिराहे पर सोमवार सुबह नोएडा डिपो की बस खराब होने से दो घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के कारण हाईवे पर एक किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने घंटो की मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया। सोमवार सुबह नोएडा डिपो की बस मोदीनगर से गाजियाबाद जा रही थी।
अचानक रेलवे रोड तिराहे के पास बस खराब हो गई। इसके चलते कुछ ही समय में हाईवे पर जाम लग गया। जाम के कारण ड्यूटी जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे रोड तिराहे से गंगनहर पुल तक एक किमी लंबा जाम लग गया। विपरीत दिशा से वाहन आने पर हालात और अधिक ओर बिगड़ गए।