देश के भावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आतंकी हमले के इनपुट्स हैं। दिल्ली पुलिस के एक आला अधिकारी ने यह बात कही है। इसे देखते हुए शनिवार को नरेंद्र मोदी के दिल्ली रोड शो के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
मोदी की सुरक्षा व्यवस्था उसी तरह की गई थी जिस तरह 15 अगस्त व 26 जनवरी को प्रधानमंत्री की होती है। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय और गुजरात भवन की सुरक्षा के इंतजाम भी इसी पैटर्न पर किए गए थे।
शनिवार को एसपीजी, एनएसजी व दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल समेत हर सुरक्षा एजेंसी को नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में उतार दिया गया था।
शपथ से पहले ही पीएम का रुतबा!
पुलिस सूत्रों के अनुसार रोड शो की सुरक्षा पर आईबी भी विशेष नजर रख रही थी। मालूम हो कि शपथ लेने तक दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का जिम्मा दिल्ली पुलिस का है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोदी पर आतंकी हमले के इनपुट्स है, हालांकि अधिकारी ने खुलकर कुछ बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी की सुरक्षा को प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल की तरह लिया गया था।
नई दिल्ली जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि किसी आपात स्थित से निपटने के लिए एनएसजी के स्पेशल एक्शन ग्रुप (एसएजी) के कमांडो को तैनात किया गया था।
पीएम और राष्ट्रपति की तरह लगाया गया रूट
आधुनिक हथियारों से लैस एनएसजी के कमांडो लोगों के कौतूहल का विषय बने रहे। बताया जा रहा है कि एसएजी कमांडो को पहली बार इस तरह आम सुरक्षा के लिए उतारा गया था।
वैसे शनिवार को रोड शो के दौरान दिल्ली पुलिस व एसपीजी के अलावा पैरा मिलिट्री फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स, दिल्ली पुलिस की अतिरिक्त फोर्स, दिल्ली की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीम भी सुरक्षा में तैनात थी।
नरेंद्र मोदी ने भले ही अभी प्रधानमंत्री पद की शपथ न ली हो मगर उनके रोड के लिए उस तरह रूट लगाया गया था जिस तरह प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के लिए लगाया जाता है। खास बात ये भी है कि एयरपोर्ट से नरेंद्र मोदी का काफिला उन्हीं मार्गों से गुजरा जिन मार्गों पर प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के लिए रूट लगता है।