लग्जरी गाडियों के ईसीएम चुराने वाले बदमाश ने इन दिनों तीन जिला पुलिस की नींद उड़ा रखी है। दो दिन के अंदर इस बदमाश की दो वारदातें सामने आई हैं। ये बदमाश ईसीएम चोरी करता है और विरोध करने के वाले के पेट में ही गोली मारता है।
दक्षिण जिले के कोटला मुबाकरपुर थाना क्षेत्र से पहले इसने ओखला थाना क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर के पेट में गोली मारी है। इन दो जिला पुलिस के अलावा दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस तलाश कर रही हैं। तीनों जिलों की कई टीमें बदमाश के पीछे लगी हुई हैं। सूचना मिली है कि ये बदमाश उत्तम नगर थाना क्षेत्र में घूम रहा है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि दो व तीन मार्च की रात मध्यरात्रि को लगभग 2.26 बजे, सफदरजंग बस टर्मिनल प्रेम नगर में केएम. पुर के पास गोली करने के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कोटला मुबाकरपुर थानाध्यक्ष प्रवीण यादव टीम को साथ मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि गोली लगने से घायल कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश निवासी राकेश कुमार (41) यहां टैक्सी चालक है। रात को उसने देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति उसकी टैक्सी के आसपास घूम रहा है। जब उससे पूछताछ की तो उसने राकेश कुमार के पेट में गोली मार दी।
एक अन्य मामले में आरोपी बदमाश ने 28 व 29 फरवरी को मानव कल्याण कैंप, ओखला में वारदात की थी। यहां पर ये जितेंद्र (25) के ट्रक का ईसीएम चुरा रहा था। उस समय जितेंद्र लघुशंका करने बाहर आया तो उसने बदमाश को ट्रक का ईसीएम निकालते हुए देखा। उसने विरोध किया तो बदमाश ने जितेंद्र के पेट की तरफ गोली चला दी। जितेंद्र थोड़ा साइड हो गया। इस कारण गोली उसकी जांघ में लगी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बदमाश स्कूटी पर चलकर वारदात कर रहा है। वह रात के समय वारदात करने निकलता है और सुबह दो से चार बजे के बीच वारदात करता है। ये सिर्फ ईसीएम ही चुराता है।