शहर के तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी से आमजन के साथ पशु-पक्षियों का बुरा हाल है। मंगलवार को शहर का तापमान 44 डिग्री पार कर गया। सुबह से शाम तक चिलचिलाती धूप में लोग छांव तलाशते नजर आए। लोगों का कहना है कि घर से निकलते ही ऐसा लगता है कि जैसे आसमान से आग बरस रही हो। वहीं, गर्मी बढ़ने के साथ ही मिट्टी के बर्तनों की बिक्री शुरू हो गई है। लोगों द्वारा मिट्टी मटकों की आवश्यकतानुसार खरीदारी की जा रही है। मांग बढ़ने पर मिट्टी के बर्तन विक्रेताओं ने शहर में जगह-जगह दुकानें लगा रखी हैं। जहां 100 से 250 रुपये तक की कीमत में घड़ा और सुराही मौजूद हैं।
लोगों का मानना है कि मिट्टी से बने घड़े और सुराही के ठंडे पानी का सेवन करने से नुकसान नहीं होता है। जबकि बाजार में मिलने वाली कच्ची बर्फ और फ्रिज के ठंडे पानी से लोग सर्दी, जुकाम व बुखार से ग्रसित हो रहे हैं। इसके मद्देनजर नोएडा में सिर्फ मध्यम वर्गीय परिवार के लोग ही नहीं कोठियों में रहने वाले लोग घड़ा-सुराही खरीद रहे हैं। सेक्टर-57 लाल बत्ती के पास मिट्टी के बर्तन बेचने वाले दीन दयाल ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही मटके और सुराही की बिक्री में तेजी आई है। लोग एक साथ दो-तीन घड़े खरीदकर ले जा रहे हैं। 100 रुपये से लेकर 250 रुपये तक का घड़ा एवं सुराही उपलब्ध है। बताया कि लोग घड़े की अपेक्षा सुराही को अधिक पसंद कर रहे हैं।