बल्लभगढ़ के सिरोही गांव के पास बनी अप्राकृतिक झील में नहाते समय गहरे पानी में डूबने के कारण 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने भाइयों के साथ झील में नहाने के लिए गया था। नहाने के बाद उसके अन्य भाई झील से बाहर अपने सामान के पास आ गए थे, लेकिन किशोर को अपने पास न पाकर वह दोबारा से झील में देखने के लिए गए तो किशोर साइड में पड़ा हुआ मिला। उसको उपचार के लिए निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अज्जी कॉलोनी निवासी सैफ अपने भाइयों के साथ सिरोही झील में नहाने गए थे। कुछ समय के बाद चारों भाई बाहर आकर अपने सामान और कपड़ों को उठाने लगे, लेकिन सैफ बाहर नहीं आया। इसके बाद सभी भाई दोबारा से झील की ओर देखने के लिए गए तो उन्होंने देखा कि साइड में सैफ पड़ा हुआ था। सभी भाई उसको तुंरत निजी अस्पताल उपचार के लिए लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
मृतक किशोर सैफ के पिता मोहम्मद इलम ने बताया कि उनका बच्चा बिना बताए गया था। उनको लगा कि वह आसपास कहीं घूमने गया होगा। उनके पास निजी अस्पताल से डॉक्टर का फोन आया कि सैफ का निधन हो गया है। थाना धौज प्रभारी शिव चरण ने बताया की किशोर के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। किशोर दसवीं कक्षा का छात्र था और वह सात भाई था।