डीटीयू : दो शोधकर्ताओं को मिला मिलिमीटर वेव तकनीक के लिए पेटेंट
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के दो शोधकर्ताओं को मिलिमीटर वेव तकनीक पर आधारित एक नई खोज के लिए भारतीय पेटेंट मिला है। यह पेटेंट विश्वविद्यालय की फैकल्टी और शोधकर्ता डॉ. दीपिका सिपल और छात्र रोहित सुरेश ने करवाया है। मिलिमीटर वेव अल्ट्रा वाइडबैंड आर्टिफिशियल मैग्नेटिक कंडक्टर नाम का यह आविष्कार 5जी संचार तकनीक को बेहतर बनाने में मददगार होगा।
मिलिमीटर वेव संचार में तेज गति से डेटा भेजने की सुविधा होती है लेकिन इस दौरान सिग्नल के कमजोर पड़ने की समस्या भी आती है। नई तकनीक इसी चुनौती से निपटने के लिए विकसित की गई है। इसमें विशेष आर्टिफिशियल मैग्नेटिक कंडक्टर (एएमसी) तैयार किया गया है जो एंटीना की क्षमता बढ़ाने और दो बिंदुओं के बीच 5जी संचार को बेहतर बनाने में मदद करेगा। यह तकनीक भविष्य में अल्ट्रा-वाइडबैंड एंटीना, बेहतर सिग्नल और अगली पीढ़ी की वायरलेस संचार प्रणालियों के विकास में भी उपयोगी हो सकती है।