दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संगठन (डूटा) के आह्वान पर बुधवार को डीयू पूरी तरह से बंद रहा। इस कारण से कॉलेजों में शिक्षक नहीं पहुंचे और कक्षाएं खाली रहीं। शिक्षकों की इस हड़ताल का असर नॉर्थ कैंपस से लेकर आउटर कैंपस व साउथ कैंपस में दिखाई दिया। राजधानी कॉलेज, आत्माराम सनातन धर्म, रामजस व किरोड़ीमल जैसे कॉलेजों में स्टॉफ रुम व कक्षाएं पूरी तरह से खाली रहे। अब अगले तीन दिन तक छात्रों की पढ़ाई बाधित रहेगी।
उल्लेखनीय है कि डूटा ने 27 फरवरी से 1 मार्च तक डीयू बंद का आह्वान किया है। यह फैसला शिक्षकों की आम सभा में लिया गया था। डूटा की ओर से इस बंद में समर्थन केलिए कॉलेज स्टॉफ एसोसिएशन को भी लिखा गया था। दरअसल, शिक्षक 13 प्वाइंट रोस्टर हटाने, शिक्षकों की नियुक्ति, पेंशन, पदोन्नति, शिक्षा के निजीकरण जैसे मुद्दों को लेकर शिक्षक लगातार प्रदर्शन करते आ रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। वहीं शिक्षक कुलपति को हटाने की मांग कर रहे हैं शिक्षकों को कहना है कि जिस तरह से कुलपति कार्य कर रहे हैं वह स्वीकार्य नहीं है। शिक्षकों ने बीती जनवरी में हड़ताल व प्रदर्शन किया था। वहीं मंडी हाउस से जंतर-मंतर तक विशाल प्रदर्शन भी किया था।