पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में बुधवार सुबह एनएच-24 पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई बुरी तरह जख्मी हो गए। एंबुलेंस की मदद से दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की शिनाख्त राहुल (25) के रूप में हुई है। अस्पताल में घायल मोहित (24) का इलाज जारी है। इधर, हादसे के बाद चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, राहुल व मोहित परिवार के साथ बी-ब्लॉक, गाजीपुर गांव में रहते थे। इनके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। दोनों गाजीपुर मुर्गा मंडी में काम करते थे। बुधवार सुबह दोनों बाइक पर सवार होकर मंडी के लिए निकले। इस बीच फूल मंडी कट पर पीछे से आई बस ने दोनों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने बस रोकी और घायल मोहित व राहुल के पास पहुंचा।
दोनों की हालत देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बाद में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने राहुल का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।