राजकीय इंटर कॉलेज में कॉपियों का मूल्याकंन करते शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
'सर, नमस्ते मैं परीक्षा से पहले बहुत बीमार रही, मैं इतनी ही पढ़ाई कर पाई। कृपया मुझे पास कर दीजिएगा, यदि मैं फेल हो गई तो मेरे माता-पिता मेरी पढ़ाई बंद करा देंगे।' ये लाइनें एक छात्रा ने इंटर की कॉपियों में लिखी हैं। नोएडा के सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में मूल्याकंन कर रहे शिक्षक को कॉपी जांचते समय यह लिखा मिला। इसके साथ ही कठिन विषय जैसे गणित, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान की कॉपियों में धन वर्षा भी हो रही है। कॉपियों में कई तहत के संदेश लगातार शिक्षकों को मिल रहे हैं।
जनपद के दो केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटर की कॉपियों का मूल्याकंन हो रहा है। हाईस्कूल में 13,886 और इंटर की 7,326 कॉपियों का मूल्याकंन रविवार को किया गया है। डीआईओएस डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि तय समय से पहले मूल्याकंन खत्म हो जाएगा। मूल्याकंन में अनुपस्थित शिक्षकों को चेतावनी जारी की गई है। यदि वह केंद्रों पर नहीं पहुंचे तो कार्रवाई होगी।
वहीं, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान(डायट) के प्राचार्य व मूल्याकंन प्रभारी राज सिंह यादव भी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षक लगन के साथ 30 से 40 कॉपियां प्रतिदिन चेक कर रहे हैं। शिक्षकों से कहा है कि जल्दबाजी में कॉपियों का मूल्याकंन न करें। यदि कोई भी कॉपियों में कमी मिली तो संबंधित को कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे की देखरेख में कॉपियां जांची जा रही हैं।