पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में कार में टक्कर मारने वाले वाहन का फोटो लेने पर वाहन में सवार चालक समेत तीन युवकों ने शिक्षक की लात घूंसों से पिटाई कर दी। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह से वहां से भागकर शिक्षक ने अपनी जान बचाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाने के बाद मारपीट और जान से मारने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घायल शिक्षक की पहचान धीरज तिवारी के रूप में हुई है।
वह सपरिवार कुंवर सिंह नांगलोई में रहते हैं और पेशे से शिक्षक हैं। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया कि वह सात दिसंबर को अपनी कार से पंजाबी बाग से पीरागढ़ी की ओर जा रहे थे। पश्चिम विहार लाल बत्ती पर एक टेपों ट्रैवलर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह कार से नीचे उतरकर गाड़ी में हुए नुकसान को देखने लगे। इस दौरान उन्होंने आरोपियों की गाड़ी का फोटो खींच लिया। यह देखकर उस वाहन का चालक सहित तीन लोग नीचे उतरे और उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उनसे उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन के पास आने के लिए कहा और वहां उनकी हत्या करने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि सभी आरोपी नशे में धुत थे।
उन्होंने किसी तरह से उनके चंगुल से खुद को बचाया और वहां से भागे और इलाज कराने संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। जहां से जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। उस दौरान पीड़ित ने पुलिस को बयान नहीं दिया। 10 दिसंबर को शिक्षक की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए आरोपियों की गाड़ी की पहचान की जा रही है।