तावड़ू।
आगामी ईद उल जुहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविवार को तावडू सदर थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से त्योहार को भाईचारे और शांति के साथ मनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम शिकारपुर, रहाडी, खरकड़ी, मालाका, सालका और सेहसोला पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांवों में पहुंची। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि ईद उल जुहा का पर्व आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचा जाए जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि आगामी ईद उल जुहा पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक कानून व्यवस्था का पालन करें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें। उन्होंने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार को कानून के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं ताकि समाज में शांति और भाईचारे का सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को बढ़ावा देना होता है, इसलिए किसी भी ऐसी गतिविधि से बचना जरूरी है जिससे आपसी भाईचारा खराब हो। फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।