दिल्ली में अब आप बिजली मीटर की रीडिंग व्हाट्सऐप के माध्यम से भी बिजली कंपनी को भेज सकते हैं। टाटा पावर कंपनी ने उपभोक्ताओं को 9667558009 नंबर पर मीटर की तस्वीर के साथ रीडिंग भेजने की सुविधा की शुरुआत की है। उपभोक्ता की अनुपलब्धता या परिसर लॉक होने के दौरान साइट से रीडिंग नहीं लिए जाने पर कंपनी ने इस योजना को लॉच किया है।
टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड का मानना है कि इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। हालांकि रीडिंग अस्थायी होगी। दो बार से ज्यादा रीडिंग की फोटो स्वीकार नहीं की जाएगी। तीसरी बार कंपनी साइट पर जाकर रीडिंग नोट करेगी।
इसका फायदा यह होगा कि दो महीने तक की रीडिंग नहीं होने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी। इस मौके पर टाटा पावर के सीईओ बांगा ने कहा कि उपभोक्ता की मांग को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। कई बार परिसर लॉक होने या उपभोक्ता के बाहर होने पर रीडिंग नहीं मिलने से परेशानी होती थी। नई व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए काफी बेहतर साबित होगी।