नोट: खबर लोनी, गाजियाबाद के लिए भी उपयोगी हो सकती है
-न्यू उस्मानपुर इलाके में मंगलवार तड़के आरोपियों ने की थी 16 साल के नाबालिग की चाकू से वारकर हत्या
-पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों काे पहचाना, दोनों नाबालिग को दबोचा, चाकू भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में मंगलवार सुबह नाबालिग की चाकू मारकर हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में 16 और 17 साल के दो नाबालिग लड़कों को दबोचा है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपी लड़कों ने बताया कि मृतक साद उर्फ नामी (16) दोनों आरोपी लड़कों को कुछ न कुछ कहकर चिढ़ाता था। पिछले दिनों आरोपियों ने चिढ़ाने का विरोध किया तो साद ने एक लड़के को थप्पड़ मार दिया। इस बात से खफा होकर दोनों आरोपी साद को बहाने से लोनी से दिल्ली लाए और वारदात को अंजाम दे दिया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे उनकी टीम को खबर मिली कि शास्त्री पार्क, डीडीए ग्राउंड के एक गड्ढे में युवक का शव पड़ा है। युवक पर चाकू से कई वार किए गए थे। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो पाई। बाद में किसी तरह मृतक की पहचान बेहटा-हाजीपुर, लोनी, गाजियाबाद निवासी साद के रूप में हुई। साद परिवार के साथ बेहटा-हाजीपुर में रहता था। इसके परिवार में मां के अलावा भाई व बहनें हैं। साद एक फैक्टरी में नौकरी करता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पड़ताल हुई तो दोनों नाबालिग साद के साथ दिखाई दिए। पुलिस ने इसके आधार पर बेहटा-हाजीपुर में छापेमारी कर दोनों नाबालिग को दबोच लिया।