इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के 15 आतंकी 26 जनवरी और लोकसभा चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ सकते हैं। इस आशंका के मद्देनजर नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) की रिपोर्ट के बाद यूपी पुलिस और एटीएस को अलर्ट किया गया है।
खुफिया विभाग के सूत्रों के मुताबिक, एनआईए से मिली 15 आतंकियों की लिस्ट और फोटोग्राफ को डीजीपी मुख्यालय से सभी जिलों को भेजी गई हैं। गाजियाबाद पुलिस आतंकियों के बैनर और पोस्टर तैयार करा रही है। ये आतंकी दो से लेकर 10 लाख रुपये तक के इनामी हैं।
पुलिस को हिदायत दी गई है कि इन आतंकियों के बैनर और पोस्टर बनवाकर उन्हें थानों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया जाए ताकि अगर ये प्रदेश में कहीं छिपे हों तो उनके बारे में लोगों से सूचना मिलने में आसानी हो।
यूपी के अलावा अन्य प्रदेशों की पुलिस को भी इनकी लिस्ट और फोटोग्राफ भेजे गए हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब आतंकियों के फोटोग्राफ सार्वजनिक किए जा रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि पिछले दिनों जनपद में आरएएफ का रूट मार्च भी इसी के मद्देनजर किया गया था। हालांकि पुलिस अफसर इसे रूटीन के तहत मार्च करना बता रहे थे।
ये हैं आतंकी
10 लाख के इनामी
मोहम्मद तहसीन उर्फ मोनू उर्फ मेमन और हैदर अली उर्फ अब्दुला
5 लाख के इनामी
नूमन अंसारी, तौफीक अंसार, मोजिबुल्लाह, वकास उर्फ जावेद, रियाज भटकल, मोहसिन इस्लाम, अमीर रजा
2 लाख के इनामी
इकबाल भटकल, शहनवाज, आरिफ खान, साजिद, खालिद, शादाब बेग