-सड़कों के ऊपर लटक रहे बिजली और इंटरनेट के तार, हादसे का बना रहता है डर
पूर्वी दिल्ली। लक्ष्मी नगर के जगतराम पार्क इलाके में बिजली और इंटरनेट के तारों का जाल और सफाई व्यवस्था की बदहाली स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गलियों के ऊपर जगह-जगह लटक रहे तारों से लोगों को हादसे का रहता है। वहीं, नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठने के कारण जगह-जगह गंदगी जमा हो रही है।
इलाके की कई गलियों में बिजली और इंटरनेट केबल के तार एक-दूसरे में उलझे हुए हैं। कुछ स्थानों पर ये तार काफी नीचे तक लटक रहे हैं। कई बार वाहन इन तारों में फंस जाते हैं। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बूंदाबांदी के दौरान खुले और लटकते तारों के नीचे से गुजरने में लोगों को डर लगता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, एमसीडी की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से समय पर नहीं पहुंचती हैं। धीरे-धीरे कूड़े के ढेर लग जाते हैं और आसपास गंदगी फैलने लगती है।
आरडब्ल्यूए ने उठाई समस्या के समाधान की मांग
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय त्यागी ने कहा कि जगतराम पार्क में तारों का जाल और गंदगी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बिजली और इंटरनेट के तारों को व्यवस्थित कराया जाए। साथ ही, कूड़ा उठाने की व्यवस्था नियमित की जाए। संवाद